काला हिरण फिल्म विवाद में सलमान खान को हाई कोर्ट का नोटिस, 28 साल पुराने केस पर फिर गरमाई कानूनी जंग

नई दिल्ली- बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जुड़ा करीब 28 साल पुराना काला हिरण शिकार मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार विवाद किसी पुराने मुकदमे को लेकर नहीं, बल्कि इसी घटनाक्रम से प्रेरित बताई जा रही फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी’ को लेकर है। दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म निर्माता की याचिका पर सलमान खान से जवाब मांगा है।

दरअसल, फिल्म के ऐलान के बाद सलमान खान ने आरोप लगाया था कि फिल्म में उनके नाम, पहचान और व्यक्तित्व की ओर स्पष्ट इशारे किए गए हैं। उनका कहना है कि बिना अनुमति उनकी पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने फिल्म की रिलीज और प्रचार पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था।

अब फिल्म निर्माता अमित जानी ने कोर्ट में दलील दी है कि सलमान खान का इसी विवाद से संबंधित मामला पहले से अदालत में लंबित है, इसलिए उनके द्वारा दायर बाद की कार्यवाही पर रोक लगाई जानी चाहिए। इसी याचिका पर हाई कोर्ट ने सलमान खान को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

क्या है काला हिरण मामला? वर्ष 1998 में ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान जोधपुर के कांकाणी गांव में काले हिरण के शिकार का आरोप सलमान खान और कुछ अन्य कलाकारों पर लगा था। यह मामला वर्षों से अदालतों में चला आ रहा है।

अब इसी चर्चित मामले को फिल्मी पर्दे पर दिखाने की कोशिश ने कानून, फिल्म और सलमान खान की पहचान—तीनों को आमने-सामने ला दिया है।

About The Author