रांची में विधानसभा घेराव के दौरान हंगामा, पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज आंसू गैस छोड़ी
झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन अब बड़े राजनीतिक संकट का रूप लेता जा रहा है। सोमवार को हजारों छात्र राजधानी रांची में विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मोराबादी मैदान से रैली निकालकर विधानसभा की ओर मार्च किया। रास्ते में लगाए गए कई पुलिस बैरिकेड छात्रों ने तोड़ दिए, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पहले समझाइश दी, लेकिन भीड़ के लगातार आगे बढ़ने पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान कई छात्रों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर सामने आई है। घायलों को रांची के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर अत्यधिक बल प्रयोग किया।








