सक्ति में शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- वंदे मातरम का अपमान भारत माता का अपमान

छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना के गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा की मौजूदगी में चौहान ने कांग्रेस पर संविधान की मर्यादाओं की अनदेखी करने और राष्ट्र की प्रतिष्ठा से जुड़े विषयों पर आपत्तिजनक रुख अपनाने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। उन्होंने वंदे मातरम के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वंदे मातरम का अपमान भारत माता का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री से इस विषय में सीख लेने की नसीहत भी दी।

चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में एक ऐसा वर्ग है, जो लगातार देश की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र सम्मान से जुड़े विषयों पर राजनीतिक दलों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपना पक्ष रखना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्र और संविधान से जुड़े मुद्दों पर दोहरे मापदंड नहीं होने चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों और उनके रुख को लेकर भी सवाल खड़े किए।

About The Author

इन्हें भी पढ़े