गेवरा-कुसमुंडा मेगा प्रोजेक्ट पहुंचे कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजीव कुमार,- उत्पादन-डिस्पैच बढ़ाने दिए निर्देश

छत्तीसगढ़ – कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजीव कुमार कास्सी ने SECL के कोरबा जिले में स्थित देश के प्रमुख मेगा कोल प्रोजेक्ट गेवरा और कुसमुंडा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खदानों में चल रही उत्पादन गतिविधियों, उत्पादकता, कोयला डिस्पैच और आधुनिक कोयला परिवहन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दौरे के दौरान SECL के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

संयुक्त सचिव ने गेवरा-कुसमुंडा परियोजनाओं में कोल फेस और साइलो का निरीक्षण किया तथा खनन से लेकर कोयला डिस्पैच तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित उत्पादन लक्ष्य, वर्तमान उपलब्धियों और डिस्पैच की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए लक्ष्य के अनुरूप कोयला उत्पादन और डिस्पैच सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

सयुंक्त कोल सचिव संजीव कुमार ने SECL के अधिकारियों को पब्लिक कनेक्ट मजबूत करने, उपभोक्ताओं और हितधारकों के लिए उपयोगी पहल करने तथा विभिन्न अभियानों में नए एवं रचनात्मक विचारों को शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोयला उद्योग केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में इसकी अहम भूमिका है।

दौरे के दौरान संयुक्त सचिव ने कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा, दीपका और रायगढ़ क्षेत्र के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्रवार कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

SECL के गेवरा और कुसमुंडा जैसे मेगा प्रोजेक्ट कोल इंडिया और कोयला मंत्रालय की रणनीतिक प्राथमिकताओं में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। इन परियोजनाओं से देश के पावर सेक्टर और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को बड़े पैमाने पर कोयले की आपूर्ति होती है। ऐसे में इनकी उत्पादन क्षमता और डिस्पैच व्यवस्था को मजबूत करना देश की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास के लिए बेहद अहम है। संयुक्त सचिव का यह दौरा इन्हीं लक्ष्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े