गरबा पार्टनर किराए पर 500 से 7000 रुपये तक के पैकेज, पुलिस ने दी ठगी से बचने की चेतावनी
गुजरात – नवरात्रि में अभी वक्त है, लेकिन गुजरात में गरबा और डांडिया से जुड़ी एक नई सोशल मीडिया चर्चा ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इन दिनों ऐसे विज्ञापन और पोस्ट वायरल हो रहे हैं, जिनमें 500 रुपये से लेकर 7000 रुपये तक में ‘गरबा पार्टनर’ उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है। अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने लोगों को ऐसे विज्ञापनों से सावधान रहने की सार्वजनिक चेतावनी दी है।
वायरल पोस्ट में युवक-युवतियों की तस्वीरों के साथ अलग-अलग पैकेज का जिक्र किया गया है। इनमें दो घंटे गरबा खेलने, डांस स्टेप सिखाने, सेल्फी लेने और कुछ मामलों में पूरे दिन साथ रहने तक के दावे किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम जैसे पैकेज भी बताए जा रहे हैं। कुछ विज्ञापनों में तो ‘रियल लाइफ पार्टनर’ जैसा अनुभव देने का दावा भी किया गया है।

हालांकि, इन पोस्ट के पीछे वास्तविक सेवा है या ऑनलाइन ठगी का कोई नया तरीका, इसे लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस इन वायरल पोस्ट और उनसे जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर रही है। साइबर क्राइम अधिकारियों के मुताबिक, ऑनलाइन किसी अनजान व्यक्ति को एडवांस पेमेंट करने, बैंक डिटेल, ओटीपी या निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए।
गुजरात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आकर्षक पैकेज देखकर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी तरह के भुगतान से पहले सेवा देने वाले व्यक्ति या संस्था की विश्वसनीयता की जांच करें और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर साइबर क्राइम पुलिस को इसकी जानकारी दें।

नवरात्रि के पहले गरबा पार्टनर के नाम पर वायरल हो रहे ये विज्ञापन फिलहाल जांच के दायरे में हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इनके पीछे वास्तविक सेवा है या ठगी का नेटवर्क।





