अपराध नियंत्रण की दिशा में रायपुर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई सराहनीय-25करोड़ की फिरौती मांगने वाला शोएब पुलिस गिरफ्त मे
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के गंभीर मामले का पुलिस द्वारा त्वरित खुलासा अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय उपलब्धि है। विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी देकर भय का वातावरण बनाने वाले आरोपी शोएब ढ़ेबर की गिरफ्तारी यह दर्शाती है कि संगठित अपराध और साइबर माध्यमों से होने वाले अपराधों के विरुद्ध पुलिस पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य कर रही है।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल इनपुट और संपर्कों का बारीकी से विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंच बनाई। विदेशी नंबर के इस्तेमाल के बावजूद अपराध की कड़ियों को जोड़कर आरोपी की पहचान करना पुलिस की तकनीकी दक्षता और जांच क्षमता को प्रदर्शित करता है।

इस कार्रवाई की विशेषता केवल आरोपी की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अपराध के पीछे इस्तेमाल किए गए डिजिटल माध्यमों की गहन पड़ताल भी है। आरोपी के कब्जे से पांच आईफोन की जब्ती भी जांच की महत्वपूर्ण कड़ी है।
ऐसी त्वरित, समन्वित और तकनीक-आधारित पुलिस कार्रवाई आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करती है। यह कार्रवाई अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि भय और धमकी के माध्यम से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों तक पुलिस पहुंचने में सक्षम है। रायपुर पुलिस की पूरी टीम का यह प्रयास प्रभावी अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा की दिशा में निश्चित रूप से प्रेरणादायी है।







