सलाखों के पार नई जिंदगी की दस्तक: अंबिकापुर केंद्रीय जेल से सुधार, सम्मान और पुनर्वास का ऐतिहासिक आगाज

अपराध की सजा के साथ सुधार का अवसर, परिवार की जिम्मेदारी के साथ आत्मनिर्भरता का संकल्प; छत्तीसगढ़ की पहली परिवार खुली जेल बनी न्याय व्यवस्था की मानवीय सोच का प्रतीक
छत्तीसगढ़ – जेल की ऊंची दीवारें किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता को सीमित कर सकती हैं, लेकिन उसके भीतर छिपी सुधार और नई जिंदगी की संभावनाओं को नहीं। इसी सोच को साकार करते हुए अंबिकापुर केंद्रीय जेल से छत्तीसगढ़ में परिवार खुली जेल की अभिनव पहल का शुभारंभ हुआ। डीजी जेल हिमांशु गुप्ता द्वारा शुरू की गई यह पहल पारंपरिक कारावास व्यवस्था से आगे बढ़कर बंदियों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत दो बंदी अपने परिवार के साथ रहकर रोजगार करेंगे और जीवन को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।
क़ह सकते है कि
यह पहल केवल जेल सुधार का प्रयोग नहीं, बल्कि अपराध, दंड और पुनर्वास के बीच संतुलन स्थापित करने की एक दूरदर्शी कोशिश है।

इस सबंध मे जानकारो का कहना है कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था का उद्देश्य केवल अपराधी को दंडित करना नहीं, बल्कि भविष्य में अपराध की पुनरावृत्ति रोकना भी है। इस दृष्टि से खुली जेल की परिकल्पना बंदियों को सामाजिक जीवन की वास्तविक जिम्मेदारियों से जोड़ती है। परिवार के साथ रहने से उनमें भावनात्मक स्थिरता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होने की उम्मीद है। वहीं रोजगार से आर्थिक आत्मनिर्भरता का रास्ता खुलेगा, जिससे रिहाई के बाद सम्मानजनक जीवन जीने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

वैसे अक्सर जेल से बाहर आने के बाद सामाजिक उपेक्षा, बेरोजगारी और पारिवारिक विघटन पुनः अपराध की परिस्थितियां निर्मित करते हैं। परिवार खुली जेल ऐसी चुनौतियों को कम करने की दिशा में सार्थक हस्तक्षेप साबित हो सकती है। यह समाज को भी संदेश देती है कि सुधार का अवसर देना कानून के प्रति कमजोरी नहीं, बल्कि अपराधमुक्त समाज के निर्माण की जिम्मेदार पहल है।

छत्तीसगढ़ के सरगुजा मे इस प्रयोग की सफलता अनुशासन, नियमित निगरानी, रोजगार की निरंतरता और सामाजिक स्वीकार्यता पर निर्भर करेगी। यदि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं, तो यह मॉडल भविष्य में अन्य जेलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।

अंबिकापुर की यह पहल उम्मीद जगाती है कि जेल की चारदीवारी के भीतर सजा काट रहा व्यक्ति भी अवसर, विश्वास और जिम्मेदारी के सहारे अपने जीवन की नई इबारत लिख सकता है। यही सुधारात्मक न्याय की सार्थकता और सुरक्षित समाज की मजबूत नींव है।

About The Author