संवाद से समाधान : जब इशारों ने दिलों की भाषा बनकर दूरी मिटा दी

छत्तीसगढ़ – कहते हैं, ईश्वर जब किसी एक राह को थोड़ा कठिन बनाता है, तो इंसान के भीतर किसी दूसरी राह पर आगे बढ़ने की अद्भुत शक्ति भी देता है। दिव्यांग बच्चे इसी सत्य की जीवंत मिसाल हैं। उनकी खामोशी को कमजोरी समझना समाज की भूल है, क्योंकि कई बार शब्दों से कहीं अधिक गहरी बातें उनकी आंखें, मुस्कान और इशारे कह जाते हैं।

पुलिस कमिश्नर रायपुर संजीव शुक्ल की पहल पर आयोजित ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम में जब पुलिस और दिव्यांग बच्चों के बीच संवाद हुआ, तो यह महज एक सरकारी कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि संवेदना और अपनत्व का ऐसा सेतु बन गया, जिसने दिलों की दूरियां मिटा दीं।

अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल के बच्चों से मुलाकात के दौरान पुलिस कमिश्नर ने उनकी पढ़ाई, प्रशिक्षण और रोजमर्रा की जिंदगी को समझने का प्रयास किया। सबसे भावुक क्षण वह रहा, जब उन्होंने स्वयं साइन लैंग्वेज की बुनियादी बातें सीखकर बच्चों की दुनिया को समझने की कोशिश की। यह संदेश भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि संवाद केवल बोलने से नहीं, समझने की इच्छा से जन्म लेता है।

पुलिस कंट्रोल रूम और सिविल लाइन थाना का भ्रमण कर इन बच्चों ने जिस आत्मविश्वास से अपनी बातें साझा कीं, उसने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को भी प्रभावित किया। क्रिकेट और फिल्मों जैसी उनकी पसंद ने यह एहसास कराया कि सपने, मुस्कान और इच्छाएं किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होतीं।

श्री संजीव शुक्ला की यह पहल पुलिसिंग को संवेदना से जोड़ने वाली सार्थक पहल है। समाज के लिए भी यह संदेश है कि इन बच्चों को दया नहीं, सम्मान, अवसर, अपनापन और बराबरी का अधिकार चाहिए।

शायद यही सच्ची मानवता है—जहां वर्दी की कठोरता के भीतर संवेदना का हृदय धड़कता है और एक मुस्कान बिना शब्दों के कह देती है—“आप हमारे अपने हैं।”

About The Author