पाइपलाइन के नाम पर गैस संकट- एमसीबी मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में उपभोक्ता परेशान

छत्तीसगढ़ – एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का बड़ा कारण बनती जा रही है। नगर पालिका क्षेत्र के आठ वार्डों में गैस पाइपलाइन विस्तार का हवाला देकर घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित किए जाने से खबरों के अनुसार करीब दो हजार से अधिक उपभोक्ताओं के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थिति यह है कि लोगों को न तो समय पर सिलेंडर मिल रहा है और न ही पाइपलाइन कनेक्शन के जरिए गैस की सुविधा उपलब्ध हो पा रही है।

केंद्र सरकार की गैस पाइपलाइन योजना के तहत निजी कंपनियों को जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद जमीनी स्तर पर काम की धीमी गति और कथित लापरवाही अब उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। पाइपलाइन विस्तार के नाम पर पुराने गैस सिलेंडर सिस्टम को प्रभावित करना सवालों के घेरे में है। यदि पाइपलाइन कनेक्शन अभी तैयार नहीं हैं, तो उपभोक्ताओं को वैकल्पिक व्यवस्था के बिना सिलेंडर आपूर्ति से वंचित करना आखिर किस नियम के तहत उचित है?

गैस संकट से परेशान उपभोक्ताओं का आक्रोश अब आंदोलन का रूप ले चुका है। लोगों का कहना है कि योजनाओं और कंपनियों की विफलता का खामियाजा आखिर आम जनता क्यों भुगते?

एमसीबी जिला मुख्यालय में पैदा हुई यह स्थिति प्रशासन, संबंधित गैस कंपनी और जिम्मेदार निजी एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उपभोक्ताओं की मांग है कि जब तक प्रत्येक घर में पाइपलाइन कनेक्शन सुचारु रूप से उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक सिलेंडर आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए। वरना गैस सुविधा के नाम पर चल रही यह व्यवस्था महज कागजी योजना बनकर रह जाएगी जिससे जनता का आक्रोश और बढ़ना तय है।

About The Author