अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन के बढ़े फेरे से यात्रियों को बड़ी राहत, अब सप्ताह में दो दिन दिल्ली की राह आसान

सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के रेलवे स्टेशन से अंबिकापुर-दिल्ली साप्ताहिक ट्रेन के दूसरी बार रवाना होने के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ रेलवे के डीआरएम सहित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे। ट्रेन के अतिरिक्त फेरे को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

गौरतलब है कि अंबिकापुर से दिल्ली के बीच यह ट्रेन पहले सप्ताह में केवल एक दिन संचालित होती थी। लंबे समय से क्षेत्रवासियों और यात्रियों द्वारा इसके फेरे बढ़ाने की मांग की जा रही थी। यात्रियों की जरूरत और लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए अब ट्रेन सप्ताह में दो दिन दिल्ली के लिए रवाना हो रही है। इसके शुरू होने से सरगुजा संभाग के यात्रियों के साथ छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश उत्तरप्रदेश के अन्य जिलों तथा राज्यों के लोगों को भी दिल्ली आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इस ट्रेन के दो दिन चलने से नौकरी, व्यापार, शिक्षा, उपचार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए दिल्ली जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा समय और संसाधन दोनों की बचत करेगी।

यात्रियों का कहना है कि क्षेत्र में दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में दो फेरे भी पर्याप्त नहीं हैं। ट्रेन की उपयोगिता और बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए अब सप्ताह में तीन दिन अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन चलाने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे उनकी इस मांग पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।

About The Author