बस्तर में कांग्रेस का ‘मिशन रिवाइवल’ – सुखदेव भगत के साथ महंत-बैज, संगठन और जनमुद्दों पर फोकस
छत्तीसगढ़ की सियासत में बस्तर एक बार फिर कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति के केंद्र में दिखाई दे रहा है। प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत बस्तर प्रवास पर हैं। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की मौजूदगी ने इस दौरे को संगठनात्मक और राजनीतिक, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण बना दिया है।
भगत के बस्तर दौरे की शुरुआत कांकेर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च और जनसभा से हुई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद कार्यक्रमों में संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और स्थानीय मुद्दों पर संवाद को प्राथमिकता दी जा रही है।

दौरे के दौरान दंतेवाड़ा और जगदलपुर में भी कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ प्रभावित लोगों से मुलाकात और बोधघाट परियोजना से जुड़े प्रभावितों से संवाद भी कार्यक्रम का हिस्सा है।
राजनीतिक दृष्टि से यह दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि 2018 में बस्तर संभाग की 12 में से 11 सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली थी, जबकि 2023 में यह आंकड़ा घटकर चार रह गया। ऐसे में नए प्रदेश प्रभारी का बस्तर दौरा पार्टी के लिए संगठन की जमीनी स्थिति समझने और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने का अवसर है।
छत्तीसगढ़ मे महंत, बैज और भगत की संयुक्त मौजूदगी से साफ है कि कांग्रेस बस्तर में संगठन, जनसरोकार और राजनीतिक मुद्दों को साथ लेकर आगे बढ़ने की रणनीति पर काम कर रही है।






