जनता को राहत, राजस्व मामलों में जवाबदेही! संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा का सख्त संदेश—समय-सीमा में हो गुणवत्तापूर्ण निराकरण
MCB – हर लंबित प्रकरण के पीछे एक नागरिक की उम्मीद है, उसे समय पर न्याय दिलाना राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य के साथ सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने एमसीबी जिला मे राजस्व अधिकारियों को कार्यप्रणाली में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही लाने के सख्त निर्देश दिए।
एमसीबी में आयोजित समीक्षा बैठक में संभागायुक्त दुग्गा ने लंबित राजस्व प्रकरणों, नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, डायवर्सन, भूमि अभिलेख सुधार और न्यायालयीन मामलों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को राहत देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होने की बात कही l

उन्होंने निर्देश दिए कि एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार प्रतिदिन दो से चार घंटे राजस्व प्रकरणों के अध्ययन और गुणवत्तापूर्ण निर्णय के लिए निर्धारित करें। पटवारियों के साथ समन्वय बनाकर लंबित मामलों की पहचान करें तथा प्रत्येक पांच गांवों का लक्ष्य निर्धारित कर प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।
संभागायुक्त दुग्गा ने कहा कि राजस्व विभाग शासन की रीढ़ है। अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा। उन्होंने तहसील कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और न्यायालयीन फाइलों के अनिवार्य पंजीयन पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों को नकल, नक्शा और खसरा के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
आयोजित बैठक मे जिले की 199 ग्राम पंचायतों से जुड़े लंबित राजस्व मामलों, उच्च न्यायालयीन प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने शिकायतों का संतोषजनक निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।





