सशक्त नारी-युवा उड़ान’ के संकल्प से गूंजा राज्योत्सव, विकास और संस्कृति का दिखा संगम

रेणुका सिंह बोलीं—26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने तय किया विकास का लंबा सफर, विकसित राज्य बनाने में सबकी भागीदारी जरूरी
छत्तीसगढ़ – एमसीबी – छत्तीसगढ़ के 26 वर्षों का विकास सफर, महिलाओं के सशक्तिकरण की उम्मीदें और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का संकल्प… इन्हीं भावनाओं के बीच एमसीबी में जिला स्तरीय राज्योत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित समारोह का शुभारंभ भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि रेणुका सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में गठित छत्तीसगढ़ ने 26 वर्षों में विकास की नई पहचान बनाई है। राज्य का बजट पांच हजार करोड़ से बढ़कर वर्ष 2026-27 में 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचना विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने महतारी वंदन, कृषक उन्नति, प्रधानमंत्री आवास और जनमन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने चिरमिरी-नागपुर रेललाइन सहित क्षेत्र में सड़क और आवास विकास की संभावनाएं भी रेखांकित कीं।

कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने कहा कि वर्ष 2022 में एमसीबी जिले के गठन के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क, पर्यटन और आजीविका के क्षेत्रों में निरंतर प्रगति हुई है। महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विकास की इस यात्रा में जनभागीदारी को जरूरी बताया।

समारोह में 22 से अधिक विभागीय स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया। पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, श्रमिक पंजीयन कार्ड, व्हीलचेयर, मोटराइज्ड साइकिल और वनाधिकार पट्टे सहित विभिन्न सामग्रियां वितरित की गईं।

सांस्कृतिक संध्या में सुआ-करमा नृत्य, गजल, फिल्मी गीत, सितार वादन और नेत्रहीन विद्यालय के बच्चों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। राज्योत्सव ने विकास की उपलब्धियों के साथ छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और सामाजिक संकल्पों की जीवंत तस्वीर पेश की।

About The Author

इन्हें भी पढ़े