26 हजार किमी से अधिक साइकिलिंग के बाद सतीश द्विवेदी ने हासिल किया T R D फिनिशर का गौरव
छत्तीसगढ़ –
पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश लेकर साइकिल पर निकले छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के सतीश द्विवेदी ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 26 हजार किलोमीटर से अधिक साइकिलिंग पूरी कर चुके सतीश द्विवेदी ने टूर डे रायपुर (T R D) की साइकिल राइड पूरी कर फिनिशर का गौरव हासिल किया। इस उपलब्धि पर टूर डे रायपुर की ओर से उन्हें फिनिशर सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सतीश ने 1 अगस्त से 18 अगस्त 2026 के बीच आयोजित 600 किलोमीटर मानसून चैलेंज राइड भी सफलतापूर्वक पूरी की। उनकी पूरी राइड को स्ट्रीवा ऐप पर रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, सतीश के लिए साइकिलिंग केवल व्यक्तिगत फिटनेस तक सीमित नहीं है। उन्होंने इसे ‘फिट इंडिया और सेव एनवायरमेंट’ के अभियान से जोड़कर सामाजिक जागरूकता का माध्यम बनाया है।



अपनी यात्राओं के दौरान सतीश विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग के फायदे, स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनका मानना है कि बच्चों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में सबसे प्रभावी कदम है।

सतीश अपने साथ सीड बॉल लेकर चलते हैं। रास्ते में सड़क किनारे उपलब्ध खाली स्थानों और उपयुक्त जगहों पर वे सीड बॉल डालते हुए आगे बढ़ जाते हैं। सीड बॉल के माध्यम से पौधों के प्राकृतिक रूप से विकसित होने की संभावना बढ़ती है और हरित क्षेत्र के विस्तार में मदद मिलती है।
सतीश द्विवेदी की यह पहल बताती है कि एक साइकिल, एक सकारात्मक सोच और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना मिलकर बड़ा बदलाव ला सकती है। उनका संदेश स्पष्ट है—साइकिल चलाएं, स्वस्थ रहें, प्रकृति बचाएं और आने वाली पीढ़ी के लिए हरित भविष्य की नींव रखिये





