करुणा के कोकून से बुनेगी आत्मनिर्भरता की नई कहानी, छत्तीसगढ़ का ‘अहिंसा सिल्क’ देश को दिखाएगा राह

बिना जीव हत्या रेशम उत्पादन की अनूठी पहल, स्व-सहायता महिला समूहों के हाथों संवरेगा सीजी अमरी सिल्क का भविष्य

पर्यावरण संरक्षण, जीवों के प्रति संवेदना और महिला सशक्तीकरण का संगम बनेगा छत्तीसगढ़ का नया रेशमी ब्रांड

रायपुर। रेशम की चमक अब किसी जीव की जीवनलीला समाप्त होने की कीमत पर नहीं, बल्कि करुणा, संवेदना और मानवीय सोच के धागों से बुनी जाएगी। छत्तीसगढ़ की यह अभिनव पहल केवल एक नए रेशमी ब्रांड की शुरुआत नहीं, बल्कि विकास की उस सोच का परिचय है, जिसमें प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व और जीवों के प्रति दया को भी आर्थिक प्रगति जितना महत्व दिया गया है।

छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक रूप से पाले गए रेशम के कोकून से बिना जीव हत्या धागा तैयार करने की पहल ‘सीजी अमरी सिल्क’ को एक विशिष्ट पहचान देने जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया की बागडोर स्व-सहायता महिला समूहों को सौंपने की परिकल्पना इसे सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बनाती है। इससे ग्रामीण महिलाओं के कौशल, श्रम और उद्यमिता को नई दिशा मिलने की संभावनाएं हैं।

रेशम की खूबसूरती में अहिंसा का संदेश

पारंपरिक रेशम उत्पादन में कोकून के भीतर मौजूद जीव की मृत्यु हो सकती है, लेकिन अहिंसा आधारित इस प्रयोग में जीव के प्राकृतिक जीवनचक्र का सम्मान करते हुए उसके बाहर निकलने के बाद प्राप्त सामग्री से धागा बनाने पर जोर है। यही विशेषता इसे संवेदनशील और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार उत्पादन की अवधारणा से जोड़ती है।

इससे तैयार साड़ियां मुलायम, हल्की और पहनने में आरामदायक बताई जा रही हैं। यानी सौंदर्य और सुविधा के साथ संवेदना का भी संगम।

बाजार में उत्पाद नहीं, विचार की दस्तक

‘सीजी अमरी सिल्क’ की सबसे बड़ी विशेषता उसका संदेश है—समृद्धि ऐसी हो, जिसमें किसी जीव का जीवन न छिने और किसी महिला की आजीविका पीछे न छूटे।

छत्तीसगढ़ का यह प्रयोग देश में करुणा आधारित उद्यमिता, महिला स्वावलंबन और पर्यावरण अनुकूल उत्पादन की नई संभावनाओं का प्रेरक उदाहरण बन सकता है। रेशम के धागों में अहिंसा और आत्मनिर्भरता को पिरोने वाली यह पहल वास्तव में सराहना की हकदार है।

About The Author