दिशा सालियान मौत मामला- CBI की FIR से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल
मुंबई – दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की जून 2020 में हुई संदिग्ध मौत का मामला करीब छह साल बाद एक बार फिर सुर्खियों में है। बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मामले में FIR दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली है। दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड स्थित एक इमारत से गिरने से मौत हुई थी। शुरुआती जांच में मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या या दुर्घटनावश हुई मौत के रूप में देखा था।
अब दिशा के पिता सतीश सालियान की शिकायत और अदालत के निर्देश के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। CBI की FIR में बताया जाता है कि शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के साथ अभिनेता डिनो मोरिया, सूरज पंचोली और रिया चक्रवर्ती समेत अन्य कुछ लोगों के नाम नई जाँच मे सामने आए हैं। कुछ पुलिस अधिकारियों के नाम भी FIR में दर्ज बताए गए हैं। हालांकि, केवल FIR में नाम होने का अर्थ यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति दोषी हैं;

पता हो दिशा सालियान की मौत के छह दिन बाद एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हुई थी। इसी वजह से दोनों मामलों के बीच संभावित संबंध को लेकर वर्षों से सवाल उठते रहे हैं। मुंबई पुलिस ने पहले दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध नहीं पाया था, लेकिन अब CBI पुराने रिकॉर्ड, गवाहों, घटनाक्रम और अन्य साक्ष्यों की नए सिरे से जांच करने की बात सामने आई है
इस मामले का राजनीतिक पहलू भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जांच में यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका से जुड़े ठोस साक्ष्य सामने आते हैं, तो महाराष्ट्र की राजनीति में इसके दूरगामी असर हो सकते हैं। फिलहाल राजनीतिक हस्तियों या फिल्मी सितारों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को जांच पूरी होने तक आरोप के रूप में ही देखा जाना चाहिए। CBI की जांच ही यह स्पष्ट करेगी कि दिशा सालियान की मौत के पीछे वास्तव में क्या परिस्थितियां थीं और क्या इसमें किसी आपराधिक साजिश की भूमिका थी।






