राज्योत्सव में 22 विभागों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की दिखी झलक
छत्तीसगढ़ -सूरजपुर- छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस पर ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित सूरजपुर जिला स्तरीय राज्योत्सव में 22 विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी आमजन के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, नवाचारों और उपलब्धियों को आकर्षक मॉडल एवं उत्पादों के जरिए प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने ग्रामीण विकास, जल संरक्षण, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन के मॉडल प्रस्तुत किए, वहीं स्व-सहायता समूहों के उत्पादों ने महिला आत्मनिर्भरता की झलक दिखाई। शिक्षा विभाग ने शब्दबीज नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों के भाषा कौशल विकास की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण वाटिका, सुपोषण और बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उद्यानिकी विभाग ने आकर्षक एयरोप्लेन मॉडल के जरिए महिला सशक्तीकरण और युवा प्रगति का संदेश दिया। वहीं अन्य विभागों ने अपनी योजनाओं और सेवाओं का प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक किया। पीएम सूर्य घर योजना, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और जल संरक्षण से जुड़े मॉडल भी विशेष आकर्षण रहे।

जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी ने भी खींचा ध्यान-


राज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, जनहितकारी निर्णयों और उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई गई। प्रदर्शनी में शासन की योजनाओं एवं जिले में हुए विकास कार्यों को प्रचार सामग्री और छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिससे आमजन को शासन की विभिन्न पहल और उनके लाभों की जानकारी सहजता से मिली।
राज्योत्सव की यह प्रदर्शनी शासन की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी सोच और नवाचारों को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।





