केल्हारी बस हादसे के बाद परिवहन विभाग पर गिरी गाज, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अमित प्रकाश कश्यप रायपुर भेजे गए

छह मौतें, 30 घायल और सड़कों पर दौड़ती अनफिट बसों का सवाल! भीषण हादसे के बाद जागा प्रशासन, परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल।
छत्तीसगढ़ -एमसीबी – छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस के भीषण हादसे में छह लोगों की मौत और करीब 30 लोगों के घायल होने के बाद आखिरकार प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई सामने आई है। इस हादसे के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली, यात्री बसों की फिटनेस और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जिला परिवहन कार्यालय कोरिया में पदस्थ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अमित प्रकाश कश्यप को कार्यालय परिवहन आयुक्त, नया रायपुर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

हालांकि, इस कार्रवाई को प्रशासनिक कार्य सुविधा के तहत किया गया स्थानांतरण बताया जा रहा है, लेकिन हादसे के बाद जिस तरह आम लोगों में आक्रोश देखने को मिला, उससे इस कदम को परिवहन विभाग की व्यवस्था पर उठ रहे सवालों से जोड़कर देखा जा रहा है।

सड़क पर कंडम बसें, जिम्मेदारों की निगरानी पर सवाल-

केल्हारी बस हादसे ने एक बार फिर यात्री बसों की फिटनेस जांच, परमिट व्यवस्था और परिवहन नियमों के पालन की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि अनफिट और नियमों के विपरीत संचालित बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं, तो उनकी जांच और कार्रवाई की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है घटना के बाद घायलों व प्रभावित परिवारों से मिलने आये प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री व स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल परिवहन कार्यालय की कार्यप्रणाली से नाखुश नजर आये थे जिसकी गाज आनन फानन मे जिला परिवाहन अधिकारी अमित प्रकाश कश्यप पर गिर गई

लेकिन अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह कार्रवाई केवल प्रशासनिक फेरबदल तक सीमित रहेगी, या बसों की फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर भी ठोस कार्रवाई होगी? छह जिंदगियों की कीमत पर उठे इन सवालों का जवाब अब प्रशासन को देना होगा।

About The Author

इन्हें भी पढ़े