केल्हारी को मिली पुलिसिंग की नई ताकत: नवीन थाना भवन का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता
भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम, आधुनिक सुविधाओं से लैस नए भवन से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ने की उम्मीद।
छत्तीसगढ़ – अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था के प्रभावी संधारण और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में केल्हारी को बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ की विधानसभा क्रमांक-01 भरतपुर-सोनहत क्षेत्र अंतर्गत केल्हारी में नवीन पुलिस थाना भवन का लोकार्पण विधायक रेणुका सिंह, ने किया यह आयोजन आईजी सरगुजा दीपक झा एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
नवीन थाना भवन के शुरू होने से केल्हारी सहित आसपास के अनेक गांवों के नागरिकों को पुलिस संबंधी सुविधाएं अधिक सुगमता और शीघ्रता से उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में पुलिस की पहुंच को और प्रभावी बनाने तथा आमजन की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि केल्हारी में पूर्व से ही थाना भवन संचालित था, लेकिन नवीन भवन में उपलब्ध अतिरिक्त सुविधाओं से पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में बेहतर कार्यपरिस्थितियां मिलेंगी। साथ ही, थाने पहुंचने वाले नागरिकों को भी पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक व्यवस्था मिलने की संभावना है।
नवीन थाना भवन का लोकार्पण क्षेत्र में पुलिस अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मजबूत पुलिस व्यवस्था न केवल अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायक होती है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ाती है।
केल्हारी में नए थाना भवन की शुरुआत से क्षेत्रीय पुलिस व्यवस्था को नई मजबूती मिलने तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है।





