गुजरात के सूरत टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक
गुजरात के सूरत में बुधवार तड़के एक बड़े टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग सरौली इलाके के श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में लगी, जहां देखते ही देखते कई दुकानों और उनमें रखे कपड़ों के स्टॉक को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, आग रात करीब 12:52 बजे लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। शुरुआती टीमों के पहुंचने के बाद आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। करीब 25 दमकल वाहन और लगभग 150 दमकलकर्मी व अधिकारी आग बुझाने के अभियान में लगाए गए।

मार्केट की ऊपरी मंजिलों पर रखे सिंथेटिक कपड़े, प्लास्टिक पैकेजिंग और कार्डबोर्ड की वजह से आग तेजी से फैल गई। घना धुआं होने के कारण दमकलकर्मियों को अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और टर्नटेबल लैडर की मदद से भी आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
आग में कई दुकानों और भारी मात्रा में तैयार कपड़ों का स्टॉक जलकर नष्ट होने की खबर है। यह स्टॉक आगामी दशहरा और दिवाली के सीजन में दूसरे राज्यों में भेजा जाना था, जिससे कारोबारियों को बड़ा आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

दमकल विभाग के अनुसार, आग पर कई घंटों की मशक्कत के बाद काबू पाया गया। अभियान के दौरान एक दमकलकर्मी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है





