मराठवाड़ा में बारिश के साथ आफत, बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत

महाराष्ट्र: लंबे सूखे के बाद मराठवाड़ा के कई इलाकों में बारिश हुई, लेकिन छत्रपति संभाजीनगर जिले में यह बारिश कुछ परिवारों के लिए भारी त्रासदी लेकर आई। जिले के सिल्लोड और कन्नड तहसील में अलग-अलग आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं।

सिल्लोड तहसील के दहिगांव गांव में  खेत में बनी एक झोपड़ी पर बिजली गिर गई। हादसे के समय किसान मनोहर दुधे और उनकी पत्नी पार्वताबाई अपने बेटे के साथ वहां मौजूद थे। बिजली गिरने से दंपति की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इसके करीब एक घंटे बाद कन्नड तहसील के पिशोर क्षेत्र में भी बिजली गिरने की घटना हुई। यहां तीन महिलाओं की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हुए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे मराठवाड़ा के किसानों को इस बारिश से कुछ राहत मिली है। गुरुवार को क्षेत्र के पांच जिलों के 31 राजस्व मंडलों में 65 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। हालांकि, बारिश के साथ हुई बिजली गिरने की घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में चिंता बढ़ा दी है।

प्रशासन ने लोगों से गरज-चमक के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और धातु से बनी संरचनाओं के नीचे शरण न लेने और तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े