छत्तीसगढ़ में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश का खतरा, कोरिया प्रशासन अलर्ट; कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

निचले इलाकों में बाढ़ और जलभराव की आशंका, राहत-बचाव दल तैयार रखने के निर्देश; जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता
छत्तीसगढ़ -कोरिया – बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम बिगड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में विशेष सतर्कता की जरूरत को देखते हुए कोरिया जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

इस सबंध मे कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने, मौसम की चेतावनियों पर लगातार नजर रखने और राहत-बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रखने को कहा गया है।

संभावित भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों में उफान और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक इंतजाम करने तथा बांधों और जलाशयों के जलस्तर पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर कोरिया की आमजन से अपील: बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें। उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों और पानी में डूबे रास्तों को पार करने का जोखिम न उठाएं। किसानों से भी फसलों की कटाई और उपज के सुरक्षित भंडारण की योजना मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बनाने को कहा गया है

About The Author

इन्हें भी पढ़े