कोरिया में आज धूमधाम से मनेगा 26वां राज्योत्सव, लोकगीतों और लोकनृत्यों से सजेगी सांस्कृतिक शाम
संजय सुरीला देंगे छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति, विधायक भइयालाल राजवाड़े होंगे मुख्य अतिथि
छत्तीसगढ़ – कोरिया – छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को कोरिया जिले में 26वां राज्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। बैकुंठपुर स्थित शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मिनी स्टेडियम में शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। समारोह के मुख्य अतिथि बैकुंठपुर विधायक श्री भइयालाल राजवाड़े होंगे।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ अंबिकापुर के प्रसिद्ध लोकगायक संजय सुरीला छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। वहीं महारास, मोर नृत्य, कथक, पंडवानी, वेस्टर्न डांस और सुगम संगीत समारोह के प्रमुख आकर्षण होंगे।

आयोजन स्थल पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिलेगी।
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलेवासियों से सपरिवार राज्योत्सव में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।





