पीएम आवास योजना का दायरा बढ़ा- छत्तीसगढ़ के शहरी गरीब परिवारों में जगी पक्के घर की उम्मीद-
छत्तीसगढ़ – प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 1.0 के तहत पात्रता का दायरा बढ़ाए जाने से छत्तीसगढ़ की शहरी आबादी के एक बड़े वर्ग को आवास का लाभ मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है। राज्य सरकार के महत्वपूर्ण निर्णय के बाद अब ऐसे शहरी-ग्रामीण परिवार भी योजना के दायरे में आ सकेंगे, जो लंबे समय से शहरों में निवासरत हैं, लेकिन कटऑफ डेट के पुराने प्रावधान के कारण आवास योजना का लाभ नहीं ले पा रहे थे।
हितग्राहियों के निवास की वैधता की कटऑफ डेट वर्ष 2015 से बढ़ाकर 2024 किए जाने से करीब नौ वर्षों से शहरी क्षेत्रों में रह रहे पात्र परिवारों के लिए आवास का रास्ता आसान होगा। इससे किराये के मकानों, कच्चे और जर्जर आवासों में रहने वाले निम्न आय वर्ग के परिवारों को सबसे बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

बताया जाता है कि राज्य सरकार का यह कदम केवल आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित छत और बेहतर भविष्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिलने से उनके आवासीय सपने साकार होंगे और शहरों में कमजोर आय वर्ग के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।






