कोरिया शिवपुर-चर्चा में पुलिया धंसने से संकट, वैकल्पिक मार्ग पर भी भारी वाहनों का दबाव
अति भार क्षमता वाले कोयला वाहनों पर तत्काल प्रतिबंध की मांग, प्रशासन से कार्रवाई की गुहार
छत्तीसगढ़ मे कोरिया जिला के नगर पालिका शिवपुर-चर्चा क्षेत्र में रेलवे से जुड़े कमजोर व घटिया निर्माण कार्य और चर्चा कालरी से निकलने वाले भारी कोयला वाहनों के आवागमन के चलते पुलिया के क्षतिग्रस्त होकर धंसने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पुलिया के पुनर्निर्माण में करीब दो माह लगने की बात सामने आने के बाद क्षेत्र की बड़ी आबादी को लंबे समय तक आवागमन की समस्या झेलनी पड़ सकती है।
लोगों के दबाव के बाद प्रशासन ने आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की है, लेकिन अब यही वैकल्पिक रास्ता भी भारी कोयला वाहनों की आवाजाही से क्षतिग्रस्त होने के खतरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चर्चा कालरी से क्षमता से अधिक भार लेकर निकलने वाले वाहन वैकल्पिक मार्ग पर भी बेधड़क आवाजाही कर रहे हैं। इससे सड़क की हालत बिगड़ने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।


रहवासियों का कहना है कि जब तक मुख्य पुलिया का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक वैकल्पिक मार्ग पर अति भार क्षमता वाले कोयला वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जानी चाहिए। लोगों ने आरोप लगाया कि कालरी प्रबंधन द्वारा निजी स्वार्थ पूर्ति के चलते भारी वाहनों के संचालन को लेकर पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने कलेक्टर कोरिया और पुलिस अधीक्षक कोरिया से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए वैकल्पिक मार्ग पर ओवरलोड कोयला वाहनों को प्रतिबंधित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ किसी गंभीर दुर्घटना की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। ऐसी स्थिति में कालरी प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग भी उठ रही है।





