दीपावली पर ज्ञान की ज्योति जलाने की पहल, कलेक्टर सूरजपुर के नेतृत्व में साक्षरता अभियान को नई दिशा

रेना जमील की सोच और प्रयासों से ‘एक दीप साक्षरता का’ अभियान बनेगा शिक्षा के प्रति जनजागरण का प्रेरक माध्यम
छत्तीसगढ़ – सूरजपुर – दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि ज्ञान, शिक्षा और जागरूकता की रोशनी फैलाने का भी अवसर है। इसी सकारात्मक सोच को साकार करने के लिए सूरजपुर जिले में दीपावली के एक दिन पूर्व ‘एक दीप साक्षरता का’ अभियान आयोजित किया जा रहा है। यह पहल समाज में शिक्षा के महत्व को स्थापित करने और असाक्षर वयस्कों को साक्षरता की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में सराहनीय कदम है।

कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष सूरजपुर रेना जमील के नेतृत्व में जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास प्रशंसनीय हैं। वहीं रेना जमील के मार्गदर्शन, सकारात्मक सोच और जनजागरूकता के प्रयास इस अभियान को विशेष प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं।

दीपावली की पूर्व संध्या पर शाम 6:30 से 7:30 बजे तक जिले के शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों, विकासखंड कार्यालयों एवं उल्लास साक्षरता केंद्रों में दीप प्रज्ज्वलित कर शिक्षा का संदेश दिया जाएगा। साथ ही नागरिक साक्षरता की शपथ लेकर ज्ञान की ज्योति घर-घर पहुंचाने का संकल्प लेंगे।

यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों की सहभागिता से सूरजपुर साक्षरता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर सकता है।

कलेक्टर सूरजपुर रेना जमील की यह पहल निश्चित ही प्रेरणादायी है। इस दीपावली हर घर में एक दीप ज्ञान का जले, यही शत-प्रतिशत साक्षर छत्तीसगढ़ की सच्ची शुरुआत होगी।

About The Author

इन्हें भी पढ़े