कर्मभूमि एक्सप्रेस में भीषण आग, चार डिब्बे चपेट में; 1500 यात्रियों की बाल-बाल बची जान

शॉर्ट सर्किट की आशंका, आग की लपटों से मची अफरा-तफरी; रेलवे ने शुरू की जांच

पंजाब — पंजाब के पटियाला जिले में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12508) में सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने चार डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें तीन डिब्बे बुरी तरह जल गए, जबकि चौथे को आंशिक नुकसान पहुंचा।

बताया जाता है कि कर्मभूमि एक्सप्रेस मे आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। डिब्बों से उठता घना धुआं और आग की ऊंची लपटें देखकर यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकलने लगे। लोको पायलट और गार्ड ने तत्काल ट्रेन रुकवाई। रेलवे कर्मचारियों ने प्रभावित डिब्बों को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया, जिससे आग को आगे फैलने से रोका जा सका।

करीब 1500 यात्रियों ने सुरक्षित बाहर निकलकर राहत की सांस ली। इस घटना में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका-

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक डिब्बे के पंखे में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद करने की बात कही है। कुछ शुरुआती रिपोर्टों में पेंट्री से आग शुरू होने की आशंका भी जताई गई थी।

रेलवे ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना ने एक बार फिर रेलगाड़ियों में विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About The Author

इन्हें भी पढ़े