सड़क किनारे कचरे का डंप, दुर्गंध से बेहाल बैकुंठपुर- नगर पालिका की कचरा नीति पर उठे सवाल

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में नगर पालिका परिषद शहर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था संभालने का दावा करती है, लेकिन जमीनी तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। शहर के करीब सड़क किनारे बनाए गए कचरा डंपिंग स्थल से उठती तेज दुर्गंध ने राहगीरों और आसपास के रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि इस मार्ग से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।

कचरा प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल-

नगर पालिका क्षेत्र से रोजाना निकलने वाले कचरे के निपटारे के लिए स्पष्ट और व्यवस्थित व्यवस्था होना जरूरी है। इसके बावजूद शहर के नजदीक सड़क किनारे कचरा जमा होना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कचरे के ढेर से निकलने वाली बदबू के साथ आवारा पशुओं और कीट-पतंगों का जमावड़ा भी स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन सकता है।

दुर्गंध से राहगीर और नागरिक परेशान-

डंपिंग स्थल से उठती दुर्गंध का असर आसपास के वातावरण के साथ सड़क से गुजरने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्वच्छता के नाम पर केवल कचरा उठाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसके सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की भी व्यवस्था जरूरी है।

जिम्मेदारों को लेना होगा संज्ञान-

नगर पालिका के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कचरा डंपिंग के लिए उपयुक्त स्थान और स्थायी प्रबंधन नीति तैयार करनी चाहिए। नियमित उठाव, कचरे का पृथक्करण और निर्धारित स्थल पर सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था हो तो शहरवासियों को दुर्गंध और गंदगी से राहत मिल सकती है। अब देखना होगा कि नगर पालिका कब जागती है औरजिला मुख्यालय बैकुंठपुर को इस बदबूदार व्यवस्था से कब मुक्ति मिलती है।

About The Author