गांधी जयंती पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कोरिया प्रशासन की सराहनीय पहल, 4.22 करोड़ की एसटीपी परियोजना का भूमिपूजन
प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम एवं विधायक भईया लाल राजवाड़े ने रखी आधारशिला, शिवपुर-चरचा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
छत्तीसगढ़ –
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कोरिया प्रशासन ने सराहनीय पहल की। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा में 4 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भूमिपूजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम तथा बैकुंठपुर विधायक भईया लाल राजवाड़े ने परियोजना की आधारशिला रखी।
गांधी जयंती पर छठघाट परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन कर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।


इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री नेताम ने कहा कि गांधीजी के स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। शिवपुर-चरचा के विकास में संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी तथा जनअपेक्षाओं के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। विधायक श्री राजवाड़े ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ एवं सुंदर समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता को आवश्यक बताया।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने एसटीपी परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके निर्माण से सीवेज का वैज्ञानिक उपचार संभव होगा, जल प्रदूषण में कमी आएगी तथा झुमका क्षेत्र की जल गुणवत्ता और स्वच्छता में सुधार की उम्मीद है। उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए बताया कि परियोजना की शासन स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।
परियोजना के लिए वन विभाग के सहयोग से भूमि उपलब्ध कराना तथा विकास कार्यों को गति देना प्रशासन के समन्वित प्रयासों को दर्शाता है। यह पहल स्वच्छ शिवपुर-चरचा, बेहतर पर्यावरण और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।ऐसा उम्मीद किया जाना चाहिए l






