ग्वालियर में म्यांमार की लड़कियों का मामला: शादी, मानव तस्करी या कोई गहरी साजिश? पर्दे के पीछे छिपे कई सवाल
मध्यप्रदेश –
ग्वालियर में म्यांमार से लाई गई कई लड़कियों का मामला सामने आने के बाद महिला मानव तस्करी की आशंका ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि इन लड़कियों की शादी जम्मू-कश्मीर में कराई जानी थी। पुलिस ने मामले की व्यापक जांच शुरू कर दी है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर भारत में शादी के लिए म्यांमार जैसे पड़ोसी देश से लड़कियां लाने की जरूरत क्यों पड़ रही है?
भारत में महिलाओं की आबादी करोड़ों में है। फिर शादी के नाम पर विदेशी लड़कियों को गुपचुप तरीके से लाने के पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है? क्या यह वास्तव में विवाह का मामला है या शादी की आड़ में महिला तस्करी का कोई संगठित खेल चल रहा है?

जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि कहीं इन लड़कियों का इस्तेमाल देह व्यापार, जबरन विवाह अथवा अवैध रूप से बसाने के लिए तो नहीं किया जा रहा? जम्मू-कश्मीर में इनके विवाह की कथित योजना ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।
क्या इसके पीछे आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाने वाले दलाल हैं, कोई अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह है या फिर सीमा पार से जुड़ा कोई अन्य नेटवर्क? जासूसी जैसी आशंकाओं की भी जांच तथ्यों और सबूतों के आधार पर ही होनी चाहिए।
ग्वालियर का यह मामला सिर्फ कुछ लड़कियों की बरामदगी तक सीमित नहीं है। यह सवाल है कि शादी के नाम पर सीमाओं के पार से महिलाओं को लाने वाला तंत्र कितना गहरा है और इसके असली सूत्रधार कौन हैं?
अब पुलिस की जांच ही बताएगी कि यह विवाह का मामला है, मानव तस्करी का संगठित कारोबार या इसके पीछे कोई और चौंकाने वाली कहानी।






