साइबर ठगों से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा हथियार, जागरूकता बने जनआंदोलन : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ – मोबाइल पर आया एक अनजान लिंक, बैंक अधिकारी बनकर किया गया फोन या डिजिटल अरेस्ट की फर्जी धमकी किसी की जिंदगीभर की कमाई पर भारी पड़ सकती है। डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता, सतर्कता और जनभागीदारी ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी आधार है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का साझा दायित्व है। साइबर जागरूकता को जनआंदोलन बनाकर ही सुरक्षित डिजिटल छत्तीसगढ़ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित ‘साइबर जागृति अभियान एवं ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ के अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सात सप्ताह का अभियान समाप्त हुआ है, लेकिन साइबर जागरूकता की मुहिम अब लगातार जारी रहेगी।

1.70 करोड़ लोगों तक पहुंचा सुरक्षा का संदेश-
15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चले अभियान में स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पांच लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। करीब 1.70 करोड़ लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। सोशल मीडिया पर 3,100 से अधिक पोस्ट को 6.02 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले। युवाओं को ‘साइबर प्रहरी’ बनाकर परिवारों और समाज तक जागरूकता पहुंचाने की पहल भी की गई।
ओटीपी साझा न करें, ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत-

अभियान में यूपीआई सुरक्षा, वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा, फर्जी रोजगार और निवेश योजनाओं तथा डेटा गोपनीयता पर जागरूक किया गया। नागरिकों से अपील की गई कि ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें, संदिग्ध लिंक से बचें और अनजान लोगों के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्रवाई से ठगी पर लगाम लगाने का प्रयास-
इस आयोजन मे उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि साइबर अपराधियों के नेटवर्क, फर्जी सिम और म्यूल खातों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उनके अनुसार, इससे साइबर अपराधों से संबंधित एफआईआर में कमी और ठगी की राशि की रिकवरी दर में वृद्धि हुई है।
समारोह में ट्रैफिक हैकाथॉन के युवा प्रतिभागियों के सुझावों पर भी चर्चा हुई। एआई और इंटरनेट ऑफ थिंग्स आधारित स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन, जाम की पहचान तथा आपातकालीन वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर जैसे प्रस्ताव सामने आए। मुख्यमंत्री ने उपयोगी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने की बात कही।
संदेश साफ है—डिजिटल सुविधा का लाभ तभी सुरक्षित है, जब हर नागरिक जागरूक हो। सतर्क रहें, दूसरों को जागरूक करें और साइबर ठगी के खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी निभाएं।





