सूरजपुर में डबल मर्डर से सनसनी: प्रधानपाठिका और 12वीं के छात्र बेटे की हत्या, तीन संदिग्धों से पूछताछ तेज

दो साल पहले पुलिसकर्मी की पत्नी-बेटी हत्याकांड के बाद फिर दहला सूरजपुर, मां-बेटे की मौत ने पुलिस के सामने खड़ी की बड़ी चुनौती
छत्तीसगढ़ के सूरजपुरजिले में एक बार फिर दोहरे हत्याकांड ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब दो वर्ष पहले पुलिसकर्मी की पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में न्यायालय के फैसले की चर्चा के बीच अब शासकीय प्राथमिक शाला में प्रधानपाठिका के पद पर पदस्थ 40 वर्षीय तलाकशुदा रजनी बरेठ और उनके 12वीं में पढ़ने वाले इकलौते बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। इस घटना से न केवल सूरजपुर, बल्कि पूरे सरगुजा संभाग में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, प्रधानपाठिका बारेठ का वर्ष 2020 में न्यायालय के माध्यम से पति से संबंध विच्छेद हो गया था। इसके बाद वह अपने बेटे के साथ किराये के मकान में रह रही थीं। इसी बीच मां-बेटे की संदिग्ध मौत ने पूरे मामले को गंभीर और संवेदनशील बना दिया। बताया जा रहा है कि बेटे का क्षत-विक्षत शव कालीघाट के पास मिला, जबकि प्रधानपाठिका का शव उनके घर के बाथरूम में बरामद हुआ। घटनास्थल और शवों की स्थिति को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और खोजी कुत्ते की मदद से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। मामले में तीन संदिग्धों को पकड़कर उनसे गहन पूछताछ किए जाने की जानकारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात में उनकी कोई भूमिका है या नहीं तथा घटना के पीछे किसी साजिश की आशंका कितनी सही है।

गौरतलब है कि सूरजपुर में पूर्व में हुए पुलिसकर्मी की पत्नी-बेटी हत्याकांड और अब मां-बेटे की मौत, दोनों मामलों ने पुलिस के सामने अलग-अलग परिस्थितियों में गंभीर जांच की चुनौती पेश की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं। उम्मीद है कि संदिग्धों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच पहलुओं के आधार पर पुलिस जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाकर सच्चाई सामने लाएगी।

About The Author

इन्हें भी पढ़े