नवदुर्गा उत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, एसपी रत्ना सिंह ने दुर्गा पंडालों एवं गरबा स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
MCB – शक्ति की आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि एवं नवदुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए जिला एमसीबी पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने एमसीबी के मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के प्रमुख दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी रत्ना सिंह ने मुख्य मार्केट, बस स्टैंड, राम मंदिर, फव्वारा चौक, विवेकानंद चौक सहित विभिन्न पूजा पंडालों एवं गरबा आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने पर जोर दिया।

मां दुर्गा की आराधना, शक्ति उपासना और गरबा-डांडिया की भक्तिमय उमंग के बीच श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पंडाल संचालकों से भी चर्चा की गई। एसपी ने अग्नि सुरक्षा हेतु फायर एक्सटिंग्विशर, आपात स्थिति में माइक से उद्घोषणा की व्यवस्था तथा पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आगामी दशहरा पर्व पर रावण दहन एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों में संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन और अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, एसडीएम शशि शेखर मिश्रा, थाना प्रभारी विवेक पाटले सहित पुलिस, राजस्व एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला पुलिस एमसीबी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मां दुर्गा के पावन पर्व को प्रेम, सद्भाव, भाईचारे एवं भक्तिमय वातावरण में मनाएं तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग कर नवदुर्गा उत्सव, दुर्गा विसर्जन और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहभागी बनें।





