खेतों में कटाई की रफ्तार, धान खरीदी का महाअभियान तैयार! छत्तीसगढ़ में 27.50 लाख किसानों से खरीदा जाएगा धान, 3,100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा मूल्य

धान का कटोरा फिर तैयार कर रहा देश के सामने कृषि अर्थव्यवस्था की बड़ी तस्वीर; 15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी, 3,100 केंद्रों पर होगी व्यवस्था। कोरिया जिले में 1.37 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य, 24,116 किसानों का पंजीयन।
छत्तीसगढ़ – कोरिया – खेतों में सुनहरी फसल लहलहा रही है, खलिहानों में धान की आवक शुरू हो चुकी है और किसानों की निगाहें अब खरीदी केंद्रों पर टिक गई हैं। छत्तीसगढ़ में धान केवल एक फसल नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़, लाखों परिवारों की आजीविका और मेहनतकश किसानों के सालभर के संघर्ष का प्रतिफल है। यही वजह है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां तेज हो गई हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार ने इस वर्ष 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में 15 नवंबर 2026 से खरीदी शुरू करने का निर्णय लिया गया है। किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान बेचने की सुविधा मिलेगी। प्रदेश में 360 नए केंद्र जोड़कर कुल 3,100 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से खरीदी की जाएगी।

सरकार की व्यवस्था में एग्रीस्टैक आईडी, डिजिटल क्रॉप सर्वे और बायोमैट्रिक सत्यापन को भी शामिल किया गया है, ताकि वास्तविक किसानों की उपज खरीदी जा सके और प्रक्रिया पारदर्शी रहे।

कोरिया में 1.37 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य

प्रदेश की इस बड़ी व्यवस्था में कोरिया जिला भी अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने जा रहा है। जिले में 21 सहकारी समितियों के अंतर्गत 24 उपार्जन केंद्रों पर खरीदी होगी। इस वर्ष 24,116 किसानों ने पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 23,438 थी। यानी 678 किसानों की वृद्धि हुई है। कुल पंजीकृत रकबा 28,834.67 हेक्टेयर है।

पिछले वर्ष जिले में 20,442 किसानों से 1,20,813.16 मीट्रिक टन धान खरीदा गया था और 286.20 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया था। इस वर्ष 1,37,049 मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य रखा गया है।

किसानों की आर्थिक तैयारी भी मजबूत

कोरिया जिले में 16,551 किसानों को 54.76 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण दिया गया है। पिछले वर्ष समान अवधि में 15,522 किसानों को 48.86 करोड़ रुपये मिले थे। इस बार 1,029 अधिक किसानों तक ऋण पहुंचा है।

तीन नए उपार्जन केंद्रों से 2,271 किसानों को नजदीक में धान बेचने की सुविधा मिलेगी। वहीं, लगभग 34.26 लाख बारदानों की जरूरत के मुकाबले फिलहाल 15.76 लाख बारदाने उपलब्ध होने की बात कही जा रही हैं।

अब चुनौती खरीदी को किसान हितैषी बनाने की है।- प्रदेश मे किसानों के अनुसार पर्याप्त बारदाने, समय पर टोकन, पारदर्शी तौल, केंद्रों पर पेयजल और छाया तथा भुगतान में देरी नहीं होना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

क्योंकि धान खरीदी का वास्तविक आंकड़ा केवल लाखों मीट्रिक टन उपज नहीं है, बल्कि खेतों में पसीना बहाने वाले अन्नदाताओं की मेहनत का मूल्य है। धान के कटोरे की समृद्धि तभी सार्थक होगी, जब किसान की फसल का हर दाना सम्मानपूर्वक खरीदा जाए और उसकी मेहनत का पैसा समय पर उसके खाते तक पहुंच जाये l

About The Author

इन्हें भी पढ़े