मुकुंदपुर-बालसोत्ता मार्ग पर 5.22 करोड़ से बनेगा 120 मीटर लंबा पुल

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया भूमिपूजन, जिले में 125 सड़कों को मिली स्वीकृति
छत्तीसगढ़ – एमसीबी – छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत मुकुंदपुर-बालसोत्ता मार्ग पर 120 मीटर लंबे वृहद पुल का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 5 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का विधिवत भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर मंत्री जायसवाल ने कहा कि जिले में 125 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पक्की सड़क पहुंचाना उनका लक्ष्य है। विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

मंत्री ने किसानों और महिलाओं के हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए धान खरीदी एवं आर्थिक सहायता योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं का मजबूत होना आवश्यक है। इस पुल के निर्माण से ग्रामीणों को विशेषकर बारिश के दिनों में आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

About The Author

इन्हें भी पढ़े