सेवा, संकल्प और स्वास्थ्य का महायज्ञ: M C B चिरमिरी में उमड़ा जनसैलाब, 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य
जब चिकित्सा केवल उपचार नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प बन जाए, तब स्वास्थ्य शिविर जनकल्याण के महायज्ञ का स्वरूप ले लेता है। एमसीबी जिले के नगर पालिक निगम चिरमिरी में आयोजित दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप इसी सेवा-भाव की जीवंत तस्वीर बनकर सामने आया, जहां विभिन्न रोगों, शारीरिक समस्याओं और दिव्यांगता से जूझ रहे बड़ी संख्या में लोग बेहतर स्वास्थ्य की उम्मीद लेकर पहुंचे। शिविर में 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य रखा गया है।
एक छत के नीचे विशेषज्ञ चिकित्सा और जांच की सुविधा-

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से आयोजित शिविर में निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित अस्पतालों की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीमें तथा शासकीय स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक और मेडिकल स्टाफ समर्पण भाव से सेवाएं दे रहे हैं। मरीजों की जांच, रोग की पहचान, उपचार संबंधी परामर्श और आवश्यकतानुसार आगे की चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने शिविर का निरीक्षण कर मरीजों से संवाद किया और चिकित्सकों व मेडिकल टीम से उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, महापौर राम नरेश राय, एसईसीएल महाप्रबंधक रमेश सिंदूर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
गंभीर मरीजों के इलाज का भी संकल्प-
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शासन की मंशा स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने की है। गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर देश के अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में भेजकर उपचार कराने की व्यवस्था की जाएगी।उन्होंने मरीजों के आने-जाने की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराने की बात भी कही ।
कृत्रिम सहारा नहीं, आत्मनिर्भरता की राह-
इस दो दिवसीय शिविर में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को छड़ी और श्रवण यंत्र व अन्य कृत्रिम अंग वितरित किए जा रहे है । यह पहल शारीरिक चुनौतियों से जूझ रहे लोगों को दैनिक जीवन में अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं 8 डेड बॉडी फ्रीजर भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर सेवा देने पहुंचे चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
नशामुक्ति और देहदान का मानवीय संदेश-
शिविर में स्वास्थ्य के साथ सामाजिक चेतना का संदेश भी दिया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों को नशामुक्ति की जहाँ शपथ दिलाई। वहीं देहदान के प्रति जागरूकता ने मानव सेवा को नई दिशा दी। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने देहदान का संकल्प लिया। वहीं अब तक 10 लोगों के इस विषय पर सहमति की जानकारी सामने आई है है,
चिरमिरी का यह मेगा हेल्थ कैंप चिकित्सा, करुणा और सेवा-समर्पण का ऐसा संगम बन रहा है, जहां रोग से राहत के साथ समाज को स्वस्थ, जागरूक और संवेदनशील बनाने का संदेश भी दिया जा रहा है।






