उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली नंबर की Thar में कुल पांच लोग सवार थे और सभी बदायूं जिले से दिल्ली की ओर जा रहे थे। हादसा देर रात करीब 11:56 बजे हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद SUV करीब पांच से छह बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी।

हादसा इतना भीषण कि गाड़ी के उड़े परखच्चे

हादसे के बाद Thar बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी को बाहर निकालकर सिखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान जोगिंदर (26), सुखबीर (25), जसवंत (20) और रवि (20) के रूप में हुई है। वहीं 17 वर्षीय विष्णु, निवासी पलपुर, हादसे में घायल हुआ और उसका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

सिंभावली थाना पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े