अतिथि प्राध्यापकों के भरोसे छत्तीसगढ़ के सरकारी कॉलेजों की पढ़ाई

छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा की जमीनी हकीकत उजागर करने वाली तस्वीर कोरबा जिले से सामने आई है। जिले में संचालित 15 सरकारी महाविद्यालयों की पढ़ाई अतिथि प्राध्यापकों के भरोसे चल रही है। अधिकांश महाविद्यालयों में विषय विशेषज्ञ प्राध्यापकों की कमी से शिक्षा की गुणवत्ता गिर रही है और विद्यार्थियों की प्रवेश संख्या भी घट रही है। यह स्थिति केवल कोरबा की नहीं, बल्कि प्रदेश के कई जिलों के सरकारी कॉलेजों की है।
एक जानकारी के अनुसार
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध कोरबा जिले के 15 सरकारी कॉलेजों में प्राध्यापक और सहायक प्राध्यापक के लगभग 268 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 120 से अधिक पद खाली पड़े हैं। शासकीय पीजी कॉलेज की बात करें तो 48 प्राध्यापक व सहायक प्राध्यापक सहित 91 कर्मचारियों का सेटअप है, लेकिन वर्तमान में केवल 50 कर्मचारी ही कार्यरत हैं, जिसमें 4 प्राध्यापक और 21 सहायक प्राध्यापक पदस्थ हैं। जबकि 21 विषयों के पद खाली पड़े हैं। इतना ही नहीं, जिले के लीड कॉलेज के पास प्रभारी प्राचार्य के भरोसे व्यवस्था चल रही है।
इसी प्रकार
आदर्श महाविद्यालय बंजारी में सिर्फ एक ही शासकीय प्राध्यापक नियुक्त है, जबकि यहां बीए, जीवविज्ञान, गणित, बीकॉम संकाय संचालित हैं। इन संकायों के लिए लगभग 11 पद स्वीकृत हैं, लेकिन 10 पदों पर अतिथि शिक्षकों की भर्ती की गई है। वहीं स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी महाविद्यालय कोरबा में भी बीए, गणित, बीकॉम संकाय में लगभग 10 अतिथि शिक्षकों के द्वारा अध्यापन कार्य कराया जा रहा है।
आरोप लगाया जाता है कि
प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता के दौरान अकेले कोरबा जिले में लगभग आधा दर्जन नए महाविद्यालय खोले गए। संकाय के अनुसार प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, क्लर्क सहित अन्य पदों की स्वीकृति भी दी गई, लेकिन भर्ती प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई। उल्टा पहले से पदस्थ कुछ प्राध्यापकों को नए कॉलेजों में व्यवस्था संभालने भेज दिया गया, जिससे पहले से मौजूद महाविद्यालयों में स्टाफ और कम हो गया। इसी तरह के हालत प्रदेश मे पिछले कुछ वर्षो मे खुले नए सरकारी कालेजों की बताई जाती है
बताया जाता है कि
जिले के 15 सरकारी महाविद्यालयों में स्नातक स्तर के बीए, बीएससी गणित, जीवविज्ञान और बीकॉम संकाय में प्रवेश के लिए 5755 सीटें निर्धारित हैं, लेकिन अब तक करीब 2950 सीटें ही भर सकी हैं, जबकि 2805 सीटें खाली रह गई हैं। अंतिम तिथि 14 अगस्त तक सीटें नहीं भरने पर विश्वविद्यालय ने प्रबंधन की अनुमति पर एक बार फिर प्रवेश की तिथि बढ़ाकर पोर्टल खोलने की खबर है
इस मसले पर कोरबा जिले के लीड कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य एलएन कंवर का कहना है कि शासन की गाइड लाइन के अनुसार जिन विषयों में सहायक प्राध्यापक व प्राध्यापक के पद खाली हैं, उसमें वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अतिथि प्राध्यापकों की भर्ती की गई है और पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े