रक्षाबंधन विज्ञापन विवाद में फंसी अभिनेत्री कृति सेनन
पैसों के लिए चर्चित चेहरे भी कभी-कभी ऐसा कर जाते हैं जो विवाद बन जाता है। ऐसा ही एक मामला अभिनेत्री कृति सेनन के ज्वेलरी विज्ञापन को लेकर सामने आया है, जिसे विवाद के बाद ब्रांड को सभी प्लेटफॉर्म से हटाना पड़ा है।
बताया जाता है कि ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने रक्षाबंधन के अवसर पर कृति सेनन के साथ एक विज्ञापन जारी किया था। इस विज्ञापन में कृति ऑफ-व्हाइट इंडो-वेस्टर्न आउटफिट, ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, ड्रेप्ड स्कर्ट और केप में नजर आईं। विज्ञापन में वह अपने ऑनस्क्रीन भाई को राखी बांधने से पहले अपने पालतू श्वान को राखी बांधती दिखी थीं।

विज्ञापन सामने आते ही सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग शुरू हो गई। कई यूजर्स ने रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर इस तरह के रिवीलिंग पहनावे को भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताया। पूजा की थाली न होने और कुत्ते को राखी बांधने पर भी आपत्ति जताई गई।
विवाद में भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत भी कूद पड़ीं। उन्होंने बिना नाम लिए तंज कसते हुए कहा कि जब महिलाओं के पास कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली, जींस से लेकर साड़ी तक इतने विकल्प हैं, तो कोई अपने भाई को बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में राखी क्यों बांधेगी। उन्होंने कहा कि यह एड जानबूझकर अजीब बनाया गया लगता है।
इसके बाद कृति ने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा कि त्योहारों का असली मतलब कपड़ों में नहीं, बल्कि परंपराओं से जुड़ी भावनाओं और रिश्तों में होता है। उन्होंने कहा कि उनके लिए पालतू कुत्ते भी परिवार का हिस्सा हैं।
विवाद बढ़ने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कृति का समर्थन किया था।
आखिरकार ब्रांड GIVA ने बुधवार को आधिकारिक बयान जारी कर विज्ञापन हटाने की घोषणा की। ब्रांड ने कहा, ‘हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बहुत सम्मान करते हैं। अगर हमारे हालिया विज्ञापन से अनजाने में किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो हमारा ऐसा कोई इरादा नहीं था। सम्मान के तौर पर हमने उस विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया है।’





