सूरजपुर को सुंदर, आकर्षक और सुविधायुक्त शहर बनाने की पहल, कलेक्टर रेना जमील ने संभाली कमान, शहर के प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण की बनेगी नई तस्वीर

छत्तीसगढ़ -सूरजपुर — कोई भी शहर केवल अपनी पहचान, आबादी और इमारतों से बड़ा नहीं बनता, बल्कि उसकी असली खूबसूरती वहां की स्वच्छता, हरियाली, व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल और नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं से झलकती है। इसी सोच के साथ अब सूरजपुर जिला मुख्यालय को सुंदर, आकर्षक और सुविधायुक्त शहर बनाने की दिशा में प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। कलेक्टर रेना जमील एवं वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने शहर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर उनके कायाकल्प और सौंदर्यीकरण की संभावनाएं तलाशीं। इस पहल से उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में सूरजपुर की पहचान केवल जिला मुख्यालय के रूप में ही नहीं, बल्कि अपनी सुंदरता और सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थलों के लिए भी बनेगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिव वन वाटिका पहुंचकर वहां ट्री हाउस, बच्चों के लिए आकर्षक प्ले एरिया तथा स्व-सहायता समूहों के माध्यम से कैंटीन संचालन की संभावनाओं पर चर्चा की। उद्देश्य वाटिका को परिवारों और बच्चों के लिए मनोरंजन एवं सैर-सपाटे का बेहतर केंद्र बनाना है।


कलेक्टर ने गढ़कलेवा के बेहतर संचालन तथा कृष्ण कुंज के रखरखाव, साफ-सफाई और संरक्षण पर भी जोर दिया। वहीं दुलही तालाब का निरीक्षण कर परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही जिले मे अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को तलासा व तरासने की कार्ययोजना भी बनाई l

दरअसल, यह पहल केवल कुछ स्थलों की साफ-सफाई या मरम्मत तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर को बेहतर नागरिक सुविधाओं, हरियाली और आकर्षक सार्वजनिक स्थानों से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। प्रशासन की यह सक्रियता यदि योजनाबद्ध ढंग से धरातल पर उतरती है और नियमित निगरानी के साथ आगे बढ़ती है, तो सूरजपुर आने वाले दिनों में एक सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के रूप में नई पहचान बना सकता है। निश्चित ही शहर के विकास के साथ उसकी खूबसूरती को भी प्राथमिकता देना एक सराहनीय सोच है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े