बस हादसे के बाद सूरजपुर प्रशासन अलर्ट! सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कसा शिकंजा, दो वाहन जब्त

कलेक्टर रीना जमील के निर्देशन और एसपी योगेश पटेल के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों को स्पष्ट संदेश—सुरक्षा से समझौता नहीं।
छत्तीसगढ़ -सूरजपुर – छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में हुए बस हादसे के बाद सूरजपुर जिला प्रशासन ने यातायात एवं परिवहन व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर रीना जमील के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस तथा परिवहन विभाग ने सड़कों पर विशेष वाहन जांच अभियान तेज कर दिया है। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

इसी कड़ी में हाईटेक बस स्टैंड सूरजपुर, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा विश्रामपुर क्षेत्र के आसपास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन अधिकारी के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 13 यात्री बसों की जांच की गई। जांच में एक बस का प्रदूषण प्रमाण पत्र वैध नहीं पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत शमन शुल्क वसूला गया। वहीं एक यात्री वाहन में भूसा परिवहन करते पाए जाने पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

सबसे गंभीर मामला दो जीप/कमांडर वाहनों का सामने आया, जो निजी श्रेणी में पंजीकृत होने के बावजूद यात्रियों का परिवहन कर रहे थे। नियमों के उल्लंघन पर दोनों वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से थाना विश्रामपुर के सुपुर्द किया गया।

इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन, वाहन की फिटनेस, वैध दस्तावेज और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।

कलेक्टर रीना जमील की पहल और एसपी योगेश पटेल के मार्गदर्शन में चल रहा यह अभियान वाहन संचालकों के लिए स्पष्ट संदेश है कि यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। इस सबंध मे जनमानस का कहना है कि प्रशासन की यह मुहिम तभी सार्थक होगी, जब नियमों का पालन केवल जांच के दौरान नहीं, बल्कि हर दिन सड़कों पर सुनिश्चित हो। आखिरकार, सुरक्षित सफर हर नागरिक का अधिकार और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े