मनेर में हथियार के बल पर नाविकों से वसूली, दो बदमाश गिरफ्तार

बिहार के पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में सोन नदी से हथियार के बल पर रंगदारी वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों बदमाश सोन नदी में बालू परिवहन और यात्रियों को ले जाने वाली नावों के नाविकों को हथियार का भय दिखाकर अवैध वसूली करते थे।

पुलिस के मुताबिक, मनेर थाना क्षेत्र के सुअरमरवां-पतीला सोन नदी घाट पर नाविकों से हथियार के बल पर वसूली किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम ने नदी में निगरानी बढ़ाई और निजी नाव के जरिए संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।

इसके बाद पुलिस ने एक छोटी नाव पर सवार दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक छोटी नाव भी जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहटा थाना क्षेत्र के पाण्डेयचक निवासी दीपू कुमार और पथलौटिया निवासी नीरज कुमार के रूप में बताई गई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वसूली के पीछे और कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

About The Author