दुबई से इज़राइल जा रहे विमान की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग, कॉकपिट में झड़प की खबर से मचा हड़कंप
दुबई से इज़राइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 को उड़ान के दौरान कॉकपिट में हुई गंभीर घटना के बाद सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में करीब 180 यात्रियों के सवार होने की खबर है। राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई।
उड़ान के दौरान अचानक बिगड़े हालात
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बोइंग 737 मैक्स विमान दुबई से तेल अवीव की ओर जा रहा था, तभी कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक झड़प होने की खबर सामने आई। इस दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक तेजी से बदलाव हुआ और फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा में आपातकालीन संकेत दर्ज किए गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबुक की ओर किया गया।

भारतीय मूल के कप्तान घायल, सह-पायलट पर गंभीर आरोप
रिपोर्टों में विमान के कप्तान की पहचान भारतीय मूल के स्मित मच्छर के रूप में बताई गई है। आरोप है कि सह-पायलट ने कप्तान पर चाकू से हमला किया और विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी घटना के संबंध में विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कथित कोशिश का दावा किया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी
यात्रियों और चालक दल की सूझबूझ से सुरक्षित लैंडिंग
रिपोर्टों के अनुसार, विमान में मौजूद यात्रियों और अन्य चालक दल के सदस्यों ने स्थिति को संभालने में मदद की। इसके बाद विमान को तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। घटना में दोनों पायलटों के घायल होने और उन्हें अस्पताल ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है। यात्रियों को बाद में दूसरी उड़ान से तेल अवीव पहुंचाने की व्यवस्था किए जाने की भी खबर है।
इज़राइली PM नेतन्याहू के बाद PM मोदी ने भी किया कैप्टन स्मित को सलाम, बोले—भारत को आप पर गर्व है!






