मानवीय सेवा, सहयोग और संवेदना ही रेडक्रॉस की मूल भावना: तोमन साहू

राज्य चेयरमैन ने ली समीक्षा बैठक, कोरिया को अत्याधुनिक एंबुलेंस देने की घोषणा
छत्तीसगढ़- भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरिया की समीक्षा बैठक राज्य चेयरमैन तोमन साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस अध्यक्ष श्रीमती रोक्तिमा यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सचिव डॉ. बलवंत सिंह, वाइस चेयरमैन श्रीमती गीता राजवाड़े, कोषाध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता तथा राज्य प्रतिनिधि कमलेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने कहा कि इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी का मूल आधार मानवीय सेवा, सहयोग और संवेदना है। जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाना, संकट की घड़ी में साथ खड़ा होना और समाज में परस्पर सहयोग की भावना विकसित करना रेडक्रॉस का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस को सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा रक्तदान और अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। सिकल सेल, टीबी एवं एड्स नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वित प्रयास करने की बात भी कही।

बैठक के दौरान श्री साहू ने रेडक्रॉस राज्य शाखा की ओर से कोरिया जिले को अत्याधुनिक सुविधाओं एवं वेंटीलेटर से युक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की। यह पहल आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।

इस समीक्षा बैठक मे सह सचिव डॉ. बलवंत सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविरों के साथ शुगर, बीपी, हीमोग्लोबिन एवं सिकल सेल की निःशुल्क जांच की जा रही है। शिक्षा विभाग के सहयोग से ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। बैठक में ब्लड स्टोरेज सेंटर की स्थापना, अंगदान के लिए जिला स्तरीय समिति तथा युवाओं को युवोदय रेडक्रॉस मितान योजना से जोड़ने सहित विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।

About The Author