15 साल बाद कोरिया कॉलरी में लौटी स्वास्थ्य सुविधा, PHC शुरू होने से लोगों को राहत

एमसीबी जिले के कोरिया कॉलरी क्षेत्र के लोगों को करीब 15 साल बाद स्वास्थ्य सुविधा की बड़ी सौगात मिली है। लंबे इंतजार के बाद यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का विधिवत शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से आसपास की बस्तियों और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।

बताया जाता है कि कोरिया कॉलरी में पहले एसईसीएल द्वारा संचालित चिकित्सालय की सुविधा उपलब्ध थी। लेकिन एसईसीएल की माइंस बंद होने के बाद अस्पताल भी बंद हो गया। इसके बाद लंबे समय तक क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पीएचसी के शुभारंभ के बाद अब क्षेत्रवासियों को प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य जरूरी चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिलने की उम्मीद है। लोगों ने शासन की इस पहल का स्वागत किया है।

वहीं, एसईसीएल और कोल इंडिया की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी सामने आ रही है। उनका आरोप है कि खनन गतिविधियों के दौरान क्षेत्र और यहां रहने वाली आबादी से लेकर संसाधनों का उपयोग किया जाता है, लेकिन खदान बंद होने के बाद बुनियादी सुविधाओं के प्रति जिम्मेदारी कमजोर पड़ जाती है। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में खदान बंद होने की स्थिति में प्रभावित बस्तियों की स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को अचानक बंद नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो एसईसीएल की कार्यप्रणाली के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

About The Author