जशपुर को मिली सामाजिक-सांस्कृतिक विकास की अनमोल सौगात, 1.35 करोड़ का सामुदायिक भवन बनेगा हर वर्ग का सहारा
विवाह, धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक सम्मेलन और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए मिलेगा सर्वसुविधायुक्त स्थल, उत्तर जशपुर में भी बनेगा नया भवन
छत्तीसगढ़ – जशपुर – किसी भी समाज की वास्तविक समृद्धि केवल ऊंची इमारतों और सड़कों से नहीं, बल्कि ऐसी सुविधाओं से पहचानी जाती है, जो आमजन के जीवन को सरल और खुशहाल बनाएं। इसी दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर शहर को 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपए की लागत से निर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन की सौगात देकर सामाजिक जीवन को नई सुविधा प्रदान की है।
जशपुर शहर के मध्य स्थित यह सर्वसुविधायुक्त भवन अब विवाह-विवाहोत्सव, सगाई, जन्मदिन, धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन, सामाजिक सम्मेलन, पारिवारिक मिलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। विशेषकर मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह भवन बड़ी राहत साबित होगा। निजी मैरिज हॉल और महंगे टेंट पर होने वाले भारी खर्च से बचकर परिवार अपने मांगलिक एवं धार्मिक आयोजनों को सम्मानपूर्वक संपन्न कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में एक अन्य सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा कर जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और पहल की।

सामुदायिक भवन केवल आयोजन का स्थान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था, पारस्परिक सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का केंद्र भी होते हैं। यहां विभिन्न समाजों के लोग एक-दूसरे से जुड़ेंगे और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं एवं संस्कारों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
निश्चित रूप से ऐसी जनोपयोगी अधोसंरचना तभी सार्थक होगी, जब इसका लाभ हर वर्ग को मिले और इसका संचालन आम आदमी की पहुंच में रहे। यही विकास की वह सोच है, जो सुविधा के साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करती है।





