सूरजपुर में महिला थाना शुरू, महिलाओं की सुरक्षा और न्याय को मिलेगी नई मजबूती
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया लोकार्पण, एसआई पुष्पा तिर्की बनीं जिले की पहली महिला थाना प्रभारी
छत्तीसगढ़ -सूरजपुर – महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए सूरजपुर जिले में नवीन महिला थाना का शुभारंभ किया गया। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कोतवाली थाना परिसर में स्थापित महिला थाना का फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर एसआई पुष्पा तिर्की ने जिले की प्रथम महिला थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया।
महिला थाना प्रारंभ होने से अब महिलाओं को अपनी शिकायतें दर्ज कराने के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध होगी। महिला संबंधी अपराधों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ सुनवाई, त्वरित कार्रवाई तथा नियमानुसार जांच एवं विवेचना सुनिश्चित करने में यह थाना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां महिला थाना प्रभारी सहित आवश्यक पुलिस बल की पदस्थापना की गई है।

महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल-
लोकार्पण अवसर पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महिला थाना महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पीड़ित महिलाओं को अपनी समस्याएं सहजता से रखने का अवसर मिलेगा तथा उनकी शिकायतों के निराकरण में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

मंत्री ने थाने के रोजनामचा में शुभकामना संदेश दर्ज करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से महिलाओं, बच्चों और पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा आमजन में विश्वास कायम रखने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि महिला थाना महिलाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने और नियमानुसार कार्रवाई करने का प्रभावी माध्यम बनेगा। महिलाएं यहां सीधे पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगी।
कार्यक्रम में कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
माना जा रहा है कि महिला थाना महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, सहज शिकायत व्यवस्था और न्याय की दिशा में नई उम्मीद प्रदान करेगा।





