महिला सशक्तीकरण की राष्ट्रीय कसौटी पर खड़गवां पंचायत, जमीनी विकास का जायजा लेने पहुंची राष्ट्रीय टीम
स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के मॉडल का भौतिक सत्यापन; स्व-सहायता समूहों से लेकर स्कूलों तक विकास कार्यों की परखी हकीकत
छत्तीसगढ़ – एमसीबी – ग्रामीण भारत में महिला सशक्तीकरण और समावेशी विकास की परिकल्पना को धरातल पर उतारने की दिशा में एमसीबी जिला के ग्राम पंचायत खड़गवां के प्रयासों का राष्ट्रीय स्तर पर भौतिक सत्यापन किया गया। महिला हितैषी ग्राम पंचायत थीम के अंतर्गत पहुंची राष्ट्रीय टीम ने पंचायत में महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, आजीविका, सामाजिक सहभागिता और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
टीम ने पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य मितानिनों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। अटल डिजिटल सेवा केंद्र में महिलाओं को मिल रही ऑनलाइन सुविधाओं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण एवं प्रसव सेवाओं तथा पोषण पुनर्वास केंद्र में कुपोषित बच्चों की देखभाल का जायजा लिया।


महिलाओं की आर्थिक मजबूती के प्रयासों के तहत सिलाई केंद्र और रेडीमेड कपड़ों की दुकान संचालित कर रहे स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों, स्वरोजगार एवं ऋण अदायगी की स्थिति भी परखी गई।
वहीं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और स्वामी आत्मानंद विद्यालय में बाल सभा तथा विद्यार्थियों की सहभागिता का निरीक्षण किया गया।
यह दौरा ग्रामीण विकास में महिलाओं की भागीदारी, अधिकारों, सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन को केंद्र में रखकर पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में खड़गवां में किए जा रहे प्रयासों का महत्वपूर्ण आकलन रहा।





