आतंकवादी गतिविधियों से निपटने को लेकर कोरिया पुलिस अलर्ट, रक्षित केंद्र में हुआ विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन
छत्तीसगढ़ – कोरिया – आपातकालीन परिस्थितियों में आतंकवादी गतिविधियों से प्रभावी ढंग से निपटने, त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कोरिया पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र, बैकुंठपुर में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान आतंकवादी गतिविधियों जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का अभ्यास करते हुए त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षा प्रबंधन, आपसी समन्वय तथा बचाव कार्यों की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से पुलिस बल की सजगता, निर्णय क्षमता, अनुशासन और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई की तैयारी को परखा एवं मजबूत किया गया।

सुरक्षा के प्रति सतर्कता और तैयारी ही प्रभावी पुलिसिंग की पहचान है। किसी भी अप्रत्याशित चुनौती के समय कुछ पल भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में नियमित मॉक ड्रिल पुलिस बल को मानसिक एवं शारीरिक रूप से तैयार रखने के साथ ही टीमवर्क और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
यह आयोजन पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक श्यामलाल मधुकर, रक्षित निरीक्षक नितिश आर. नायर, सूबेदार सुनील खुटे सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोरिया पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों का यह अनुशासित अभ्यास, समर्पण और परिश्रम जनसुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सुरक्षित समाज, सतर्क पुलिस और हर चुनौती के लिए तैयार रहने का संकल्प ही कोरिया पुलिस की प्राथमिकता है।





