शाबाश सरगुजा संभाग पुलिस! 69 लाख के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार-, लेकिन छत्तीसगढ़ के दूसरे जिलों की पुलिस पर सवाल
उड़ीसा से उत्तर भारत तक गांजा तस्करी के लिए सरगुजा संभाग को मुख्य कॉरिडोर बनाने की कोशिशों के बीच सरगुजा और जशपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर तस्करों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने थार और लग्जरी स्कॉर्पियो का पीछा कर घेराबंदी की और स्कॉर्पियो से करीब 138 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 69 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी बलराज सिंह और अनिल बंसल को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार जशपुर जिले की बगीचा पुलिस को गांजा तस्करी में इस्तेमाल हो रहे थार और स्कॉर्पियो की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी शुरू की तो आरोपी सरगुजा की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही लुंड्रा और बतौली पुलिस भी सक्रिय हुई और संयुक्त टीम ने पीछा शुरू किया। बताया जा रहा है कि थार से आरोपी पायलटिंग कर रहे थे, जबकि गांजा स्कॉर्पियो में रखा गया था।

सामने आई जानकारी के अनुसार लगातार पीछा और घेराबंदी से परेशान तस्करों ने लुंड्रा थाना क्षेत्र के बरगीडीह के पास वाहन छोड़कर भागने की कोशिश की। तब करीब तीन किलोमीटर पीछा करने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गन्ने के खेत से दबोच लिया। स्कॉर्पियो की तलाशी में 53 छोटे-बड़े टेप लगे पैकेटों में गांजा मिला। कार्रवाई के दौरान आरोपियों द्वारा पुलिस दल को चपेट में लेने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है।
सरगुजा व जशपुर पुलिस की यह सफलता निश्चित रूप से शाबाशी के काबिल है, लेकिन इसके साथ एक बड़ा सवाल भी खड़ा होता है—उड़ीसा से निकलकर गांजा आखिर छत्तीसगढ़ के दूसरे कई जिलों से गुजरते हुए सरगुजा जशपुर तक कैसे पहुंचता है? यदि सरगुजा, जशपुर पुलिस लगातार तस्करों को पकड़ रही है, तो रास्ते में आने वाले जिलों की पुलिस की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
इस संबंध मे सूत्र कहते है कि उड़ीसा से झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक गांजे की खपत का नेटवर्क लगातार सक्रिय बताया जाता है। तस्करों के लिए इस रूट में करोड़ों का मुनाफा है। ऐसे में सरगुजा संभाग पुलिस की लगातार कामयाबी के बीच अब जरूरत केवल तस्करों को पकड़ने की नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क, फंडिंग, पायलटिंग और रास्ते में संरक्षण देने वालों तक पहुंचने की है। साथ ही अब उन जिलों की पुलिसिंग पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए, जहां से तस्कर बेखौफ निकलकर आगे पहुंच जाते हैं। लेकिन यह काम बहुत मुश्किल व कठिन बताया जाता है क्योंकि चर्चाओ के अनुसार कहा जाता है कि ओडिशा से अन्य राज्यों को चलने वाला अवैध गैरकानूनी गांजा तस्करी कारोबार ज्यादातर संरक्षण व सेटिंग पर ही चलता है?





